मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान
देश के कई हिस्सों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और अगले कुछ दिनों तक मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में जोरदार बारिश का दौर जारी रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है, जिससे मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है। मध्य प्रदेश में 7 से 11 जुलाई तक व्यापक बारिश होने की संभावना है। पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 7 से 9 जुलाई के दौरान कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि 10 से 13 जुलाई तक भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। विदर्भ में 7 से 9 जुलाई और 13 जुलाई को अच्छी बारिश के आसार हैं, वहीं 8 जुलाई को कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में 7 और 13 जुलाई को व्यापक बारिश के साथ 8 से 12 जुलाई तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। पूर्वी भारत की बात करें तो ओडिशा में 7 से 13 जुलाई तक कई इलाकों में बारिश जारी रहेगी। बिहार में 8 से 9 जुलाई और 11 से 13 जुलाई के दौरान अच्छी बारिश होने की संभावना है, जबकि 10 जुलाई को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। झारखंड में 7 से 8 जुलाई और 10 से 13 जुलाई तक बारिश का दौर बना रहेगा। पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में 7 जुलाई और 10 से 13 जुलाई के दौरान अच्छी बारिश होगी, जबकि उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 7 से 13 जुलाई तक लगातार बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। 8 जुलाई को यहां कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी और अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी 7 से 13 जुलाई तक रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने कई राज्यों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया है। खासकर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है।