धनिया बाजार में मजबूती जारी, सप्लाई तंगी और निर्यात समर्थन से भाव ऊंचे

धनिया बाजार में फिलहाल मजबूती देखने को मिल रही है। एक तरफ मजबूत फंडामेंटल्स तेजी को सपोर्ट कर रहे हैं, वहीं ऊंचे भावों पर मुनाफावसूली का खतरा भी बना हुआ है। उत्पादक राज्यों में नई फसल की आवक सामान्य से कमजोर है। बिजाई में कमी और मौसम की मार के कारण उत्पादन घटकर लगभग 95 लाख बोरी रह सकता है, जबकि पहले यह 1 करोड़ 20 लाख बोरी तक था। देश में रोजाना करीब 50,000 बोरी की खपत हो रही है, जबकि मांग लगभग 70,000 बोरी तक पहुंच रही है। इस 20,000 बोरी के अंतर से बाजार को लगातार सपोर्ट मिल रहा है। रामगंजमंडी में मंगलवार को 6-7 हजार बोरी की आवक के बीच भाव 200-300 रुपए तक बढ़े। बादामी ₹11,900, ईगल ₹12,900, बेस्ट क्वालिटी ₹17,800 और एक्स्ट्रा ग्रीन ₹19,500 प्रति क्विंटल रहे। बारां और अन्य मंडियों में भाव ₹9,800-10,700 के बीच मजबूत बने हुए हैं। दिल्ली में बादामी ₹14,500, गुना ₹12,500, ईगल ₹13,500 और स्कूटर ₹14,500 प्रति क्विंटल तक पहुंच चुके हैं।2025-26 के पहले 10 महीनों में 52,006 टन धनिया का निर्यात हुआ, जिसकी कीमत ₹570.29 करोड़ रही, जो पिछले साल के 49,396 टन और ₹520.21 करोड़ से अधिक है। शादी सीजन और गर्मी के कारण मंडियों में सप्लाई और सीमित होने की संभावना है। आवक अब 10,000 बोरी से ऊपर जाना मुश्किल दिख रहा है। टेक्निकल दृष्टिकोण से, 9,500 के ऊपर निकलने के बाद बाजार ने 13,500 का लेवल पार किया है। 13,800 के ऊपर टिकने पर अगला टारगेट 16,000 माना जा रहा है। बढ़ती आवक के बावजूद भाव मजबूत हैं, जो अंदरूनी मांग की ताकत को दर्शाता है। मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने और रुपये की कमजोरी से निर्यात मांग और तेज हो सकती है। फिलहाल बाजार में शॉर्टेज का माहौल है, इसलिए बड़ी गिरावट की संभावना कम है, हालांकि ऊंचे भावों पर मुनाफावसूली हो सकती है।

Insert title here