सरकार ने जुलाई के लिए 22 लाख टन चीनी कोटा जारी किया, बाजार में सीमित तेजी के संकेत
केंद्र सरकार ने जुलाई 2026 के लिए घरेलू बाजार में बिक्री हेतु 22 लाख टन चीनी का कोटा जारी किया है, जो पिछले वर्ष जुलाई 2025 के समान है। इससे पहले जून 2026 के लिए सरकार ने 22.50 लाख टन चीनी का कोटा आवंटित किया था। व्यापारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम के कारण चीनी की मांग फिलहाल बनी हुई है। हालांकि जुलाई के लिए जारी कोटा पर्याप्त रहने से बाजार में कीमतों में सीमित सुधार संभव है, लेकिन फिलहाल बड़ी और एकतरफा तेजी की संभावना कम दिखाई दे रही है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार 24 जून तक दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कई हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। अगले दो-तीन दिनों में उत्तर प्रदेश, बिहार तथा अन्य शेष क्षेत्रों में भी मानसून के सक्रिय होने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि देशभर में मानसून के फैलने के बाद चीनी की खपत में कुछ कमी आ सकती है। पिछले वर्ष जून महीने में देश की चीनी खपत लगभग 23 लाख टन दर्ज की गई थी। बुधवार को प्रमुख मंडियों में चीनी के थोक भाव दिल्ली में 4,450 रुपये, कानपुर में 4,460 रुपये, मुंबई में 4,280 रुपये और कोलकाता में 4,480 रुपये प्रति क्विंटल रहे। वहीं खुदरा बाजार में चीनी के दाम दिल्ली, कानपुर और कोलकाता में 47 रुपये प्रति किलो तथा मुंबई में 44 रुपये प्रति किलो दर्ज किए गए। Disclaimer: BKC Aggregators डेटा विश्लेषण एवं बाजार अनुसंधान के आधार पर बाजार पूर्वानुमान, मौसम अपडेट और कृषि संबंधी जानकारी उपलब्ध कराता है। यद्यपि जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने का हर संभव प्रयास किया जाता है, फिर भी सभी पूर्वानुमान सांकेतिक प्रकृति के हैं। किसी भी व्यापारिक, निवेश या कृषि संबंधी निर्णय तथा उसके परिणामों की पूर्ण जिम्मेदारी उपयोगकर्ता की होगी।