Monsoon Update: 22 से 28 जुलाई तक देश के कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 22 से 28 जुलाई के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा। इस अवधि में उत्तर, मध्य, पूर्व, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। कई क्षेत्रों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। उत्तर भारत में राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में व्यापक वर्षा का अनुमान है। 22 जुलाई को पश्चिमी राजस्थान में आंधी-तूफान और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। वहीं, उत्तराखंड में 22 से 28 जुलाई तक तथा हिमाचल प्रदेश में 23 से 28 जुलाई के दौरान भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मध्य भारत में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में 22 से 26 जुलाई के दौरान कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 22 जुलाई को दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी आशंका है। पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में अच्छी बारिश होने की संभावना है। झारखंड में 22 से 26 जुलाई के दौरान तेज हवाएं, आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। ओडिशा में 22 जुलाई को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 22 से 28 जुलाई तक व्यापक वर्षा होने का अनुमान है। 22 से 26 जुलाई के दौरान कई स्थानों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है, जबकि 22 और 23 जुलाई को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। पश्चिम भारत में गुजरात, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा तथा सौराष्ट्र-कच्छ में मानसून का असर बना रहेगा। गुजरात में 22 से 24 जुलाई के दौरान कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग दिनों में बारिश का दौर जारी रहेगा। तटीय कर्नाटक में 22 जुलाई को बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा, कई राज्यों में 30 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा आंधी-बिजली की घटनाएं भी हो सकती हैं। सलाह: मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने और आंधी-तूफान के समय खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।