देश में धान, दलहन का रकबा बढ़ा

देश में दलहनी फसलों का रकबा बढ़ाने के साथ-साथ अब गत वर्ष की तुलना में धान के रकबे में भी में बढ़ोत्री हुई है। अरहर एवं उड़द जैसी प्रोटीनयुक्त फसलों का रकबा बढ़ा है। अब तक देश में खरीफ के सामान्य रकबे 1073.01 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में बोनी हो गई है। अब तक 1096.69 लाख हेक्टेयर में बोनी हुई है जबकि गत वर्ष इस अवधि में 1106.60 लाख हेक्टेयर में बोनी हो गई थी। इस प्रकार इस वर्ष लगभग 10 लाख हेक्टेयर कम रकबे में बुवाई हुई है। दूसरी तरफ मौसम विभाग द्वारा देश में सितम्बर माह में अधिक वर्षा होने के संकेत दिये गये जो किसानों के लिए लाभदायक साबित होंगे। कृषि मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक देश में धान की बुवाई गत वर्ष की तुलना में लगभग 1.5 लाख हेक्टेयर बढक़र 409.55 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में हो गयी है जो कि पिछले वर्ष इसी अवधि में 407.97 लाख हेक्टेयर में हुई थी। वहीं दलहन की बुवाई गत वर्ष की तुलना में लगभग 2.66 लाख हेक्टेयर बढक़र 139.63 लाख हेक्टेयर में हो गई है जो गत वर्ष इस समय तक 136.98 लाख हेक्टेयर थी। इसमें अरहर की बुवाई 49.84 लाख हेक्टेयर में हुई है जो गत वर्ष अब तक 47.98 लाख हेक्टेयर में हुई थी। मोटे अनाज की बुवाई लगभग 173.79 लाख हेक्टेयर में हुई है जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 178.21 लाख हेक्टेयर में हुई थी। वहीं तिलहन के लिए लगभग 192.56 लाख हेक्टेयर क्षेत्र कवरेज हुआ है जो कि पिछले वर्ष इसी अवधि में 195.71 लाख हेक्टेयर था। इसमें सोयाबीन का रकबा बढ़ा है अब तक 121.67 लाख हेक्टेयर में सोयाबीन बोई गई है जो गत वर्ष 121.16 लाख हेक्टेयर थी। इसी प्रकार अब तक गन्ना 54.70 लाख हेक्टेयर में बोया गया है जबकि गत वर्ष इस अवधि में 53.96 लाख हेक्टेयर में इसकी बोनी हुई थी। वहीं कपास की बुवाई अब तक 119.46 लाख हेक्टेयर में हुई है जो कि पिछले वर्ष इसी अवधि में 126.80 लाख हे. में हुई थी।

Insert title here