धनिया : नई फसल की आवक से पूर्व मंदी नहीं
मध्य प्रदेश और राजस्थान का नवीनतम मौसम धनिए की फसल की दृष्टि से अनुकूल नहीं माना जा रहा है। किसानों को इस फसल से आकर्षक कीमत मिलने की उम्मीद है। इससे पूर्व राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात जैसे प्रमुख धनिया उत्पादक राज्यों में इस बार मानसूनी वर्षा अच्छी हुई है। दक्षिण भारत में फिलहाल मानसून सीजन चल रहा है। बहरहाल, तीनों प्रमुख उत्पादक राज्यों में धनिए की हल्की-फुल्की सीजनल मांग बनी होने की सूचनाएं आ रही हैं।
किसानों की रुचि अन्य फसलों की ओर होने तथा बिजाई के समय मौसम भी अनुकूल नहीं होने के कारण इस बार राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे प्रमुख उत्पादक राज्यों में धनिए की बुआई में कमी आई है। गुजरात में इस प्रमुख किराना जिंस की बुआई पिछले वर्ष के आसपास ही होने की सूचनाएं आ रही हैं। अत: आगामी दिनों में धनिया की नई फसल की आवक दबाव बनने पर ही मंदी आने के आसार हैं।