तेल मिलों की सीमित मांग से सरसों की कीमतें स्थिर, दैनिक आवकों में बढ़ोतरी

तेल मिलों की सीमित मांग के कारण घरेलू बाजार में कल सरसों के भाव स्थिर हो गए। जयपुर में कंडीशन की सरसों के दाम 5,550 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर बने रहे। सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया, एसईए के अनुसार चालू रबी सीजन में देश में सरसों का उत्पादन बढ़कर 120 लाख टन होने का अनुमान है। उद्योग के अनुसार देशभर की मंडियों में मार्च में सरसों की आवक 15.50 लाख टन की हुई तथा इसमें से मिलों ने 13 लाख टन की पेराई की। विश्व बाजार में खाद्वय तेलों की कीमतों में लगातार दूसरे दिन तेजी दर्ज की गई। मलेशियाई वायदा बाजार में पाम तेल की कीमतें दो फीसदी से ज्यादा तेज हुई, साथ ही इस दौरान शिकागो में भी सोया तेल के भाव बढ़ गए। व्यापारियों के अनुसार रमजान के कारण मार्च में पाम उत्पादों के उत्पादन में कमी आई है, इसलिए भाव तेज हुए है। घरेलू बाजार में सरसों तेल की कीमतों में हल्का सुधार आया, जबकि इस दौरान सरसों खल के भाव दूसरे दिन भी कमजोर हुए। उत्पादक मंडियों में बुधवार को लगातार दूसरे दिन सरसों की दैनिक आवकों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। उत्पादक राज्यों में मौसम साफ रहा तो सरसों की दैनिक आवक का दबाव बना रहने की उम्मीद है। वैसे भी चालू रबी में सरसों का उत्पादन अनुमान ज्यादा है। सरसों तेल में मांग अभी बनी रहने का अनुमान है, हालांकि इसकी कीमतों में तेजी, मंदी काफी हद तक आयातित खाद्वय तेलों के दाम पर ही निर्भर करेगी। जानकारों के अनुसार ईद की छुट्टियों से पहले मांग बढ़ने के कारण वायदा मजबूत हुआ है। वैसे भी रमजान के महीने में उत्पादन में आमतौर पर कमी आती है। साथ ही पिछले हफ्तों में गर्म मौसम का असर भी फसल पर पड़ा था, इसलिए इस समय बाजार में पाम तेल की उपलब्धता में कमी आई है। जयपुर में सरसों तेल कच्ची घानी और एक्सपेलर की कीमतों में बुधवार को हल्का सुधार आया। देशभर की मंडियों में सरसों की दैनिक आवक बढ़कर 9.25 लाख बोरियों की हुई, जबकि पिछले कारोबारी दिवस में आवक 7.25 लाख बोरियों की ही हुई थी। कुल आवकों में से प्रमुख उत्पादक राज्य राजस्थान की मंडियों में नई सरसों की 5.25 लाख बोरी, जबकि मध्य प्रदेश की मंडियों में एक लाख बोरी, उत्तर प्रदेश की मंडियों में एक लाख बोरी, पंजाब एवं हरियाणा की मंडियों में 75 हजार बोरी तथा गुजरात में 35 हजार बोरी, एवं अन्य राज्यों की मंडियों में 90 हजार बोरियों की आवक हुई।

Insert title here